“रोता मिला मासूम, पुलिस बनी मसीहा; कुछ घंटों में परिवार से मिलाया”
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। काशीपुर बस स्टैंड पर अपने परिजनों से बिछड़ा एक 4 वर्षीय मासूम रामनगर पुलिस की तत्परता से सकुशल अपने परिवार तक पहुंच गया। बच्चे के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार 5 जून को रामनगर चीता मोबाइल ड्यूटी के दौरान काशीपुर बस स्टैंड पर 4 वर्षीय इस्माइल पुत्र पप्पू निवासी रामनगर लावारिस और परेशान हालत में मिला। कम उम्र होने के कारण मासूम अपना पूरा पता और परिजनों की जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चीता मोबाइल पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और उससे मिली जानकारी के आधार पर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन और प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने बच्चे के माता-पिता का पता लगा लिया।
इसके बाद मासूम इस्माइल को उसकी माता रूबिना और पिता पप्पू के सुपुर्द सकुशल कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने रामनगर पुलिस का धन्यवाद किया।
इस सराहनीय कार्य में चीता मोबाइल के पुलिसकर्मी अमित गहलोत और संजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मानवीय और संवेदनशील कार्य की स्थानीय लोगों तथा परिजनों ने जमकर सराहना की।





