उत्तरायणी मेला 2026 को लेकर डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
बागेश्वर, 07 जनवरी 2026 (सूचना विभाग)।
उत्तरायणी मेला 2026 के सफल, भव्य एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सभागार में मेला प्रबंधन, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य करते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तरायणी मेला जनपद की सांस्कृतिक पहचान है, ऐसे में श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पेयजल, शौचालय, सफाई एवं लाइटिंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पानी और शौचालयों के लिए स्पष्ट एवं उपयुक्त साइनेज लगाए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को सिस्टेमेटिक और ऑर्गेनाइज्ड तरीके से संचालित करने, हेल्प डेस्क स्थापित करने, रैन बसेरों की समुचित व्यवस्था करने तथा पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपने-अपने कार्यों से संबंधित सेफ्टी सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा और स्पष्ट किया कि सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग को सभी पुलों के किनारों पर कंटीले तार लगाने तथा पुलों पर भार वाहन क्षमता से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को महिलाओं के लिए पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था करने और सरयू बगड़ में बड़े आकार का चेंजिंग रूम बनाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा बाहर से आने वाले व्यक्तियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि मेला के प्रथम दिवस झांकियां निकाले जाने के दौरान सम्पूर्ण यातायात व्यवस्था प्रतिबंधित रहेगी। झांकी तहसील परिसर से एसबीआई चौराहा होते हुए सरयू पुल के माध्यम से नुमाइश खेत तक निकाली जाएगी। सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम नुमाइश खेत में आयोजित होंगे, जबकि खेल गतिविधियां सरयू बगड़ में संपन्न कराई जाएंगी।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पुलिस अधीक्षक चंद्र शेखर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, एसडीएम प्रियंका रानी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








