मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन के सख्त निर्देश: 3 दिन में उपनल कर्मियों से कॉन्ट्रैक्ट करें, नहीं तो विभागाध्यक्ष पर होगी कार्रवाई
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में सचिव समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अगले 3 दिनों के भीतर उपनल कर्मियों के साथ कॉन्ट्रैक्ट प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कॉन्ट्रैक्ट न होने पर संबंधित विभागाध्यक्ष के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कर्मचारियों के प्रमोशन और एसीआर (वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि) से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि 30 जून 2027 तक पदोन्नति के पात्र कर्मचारियों की प्रमोशन प्रक्रिया अगले एक माह में शुरू की जाए तथा सभी विभाग समयबद्ध तरीके से एसीआर की प्रक्रिया पूरी करें।
इसके अलावा कृषि विभाग में लागू सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) योजना को उद्यान एवं अन्य लाभार्थी आधारित योजनाओं में भी चरणबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ कार्यशाला आयोजित कर योजना के विस्तार की संभावनाएं तलाशने पर भी जोर दिया।
बैठक में प्रमुख सचिव, सचिवों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।





