सीएम धामी का नगर निकायों से संवाद: महिला समूहों के लिए पोर्टल लॉन्च, हाई-टेक सैलून खोलने की घोषणा।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून, 20 मई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित “शहर से संवाद” कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के सभी नगर निगम महापौरों और नगर पालिका अध्यक्षों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम का आयोजन शहरी विकास विभाग द्वारा किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण के लिए तीन नवाचारपूर्ण वेब पोर्टल लॉन्च किए।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निकाय केवल प्रशासकीय इकाइयाँ नहीं, बल्कि जनता की सेवा के केंद्र होने चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी भूमिका को जनसेवा के मिशन के रूप में निभाएं और पूरी पारदर्शिता व ईमानदारी के साथ कार्य करें।
हर निकाय में खुलेगा हाई-टेक सैलून
मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि राज्य के प्रत्येक नगर निगम में 10, नगर पालिका में 5 और नगर पंचायत में 3 हाई-टेक हेयर सैलून/ब्यूटी पार्लर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए स्थानीय महिलाओं और युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
शहरी निकाय होंगे डिजिटल, वेंडिंग जोन और रजत जयंती पार्क भी बनेंगे
मुख्यमंत्री ने नगर निकायों के कार्यालयों को पूरी तरह डिजिटल बनाने की घोषणा की। इसके अलावा, सभी निकायों में वेंडिंग जोन के निर्माण और विशेष रजत जयंती पार्क बनाए जाने की योजना भी प्रस्तुत की गई। उन्होंने भारत सरकार से टाइड फंड को ‘अनटाइड’ करने का भी अनुरोध किया।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति राज्य सरकार की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है। जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे स्वयं निगरानी रखें और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दें कि भ्रष्ट आचरण किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मातृशक्ति को बताया राज्य की सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने में माताओं और बहनों की अहम भूमिका है। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की सराहना करते हुए उन्हें मल्टीनेशनल कंपनियों से भी बेहतर बताया।
विकास और विरासत साथ-साथ
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है। स्मार्ट सिटी मिशन, पीएम स्वनिधि, अमृत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे कार्यक्रमों का लाभ जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। राज्य को सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स में पहला स्थान मिला है और बेरोजगारी दर में 4.4% की कमी आई है।
कार्यक्रम में देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, सभी नगर निगमों के महापौर, नगर पालिकाओं के अध्यक्ष, सचिव नितेश कुमार झा, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित 100 से अधिक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।