कमिश्नरी में आग का मॉक ड्रिल, 20 मिनट में पहुंची फायर और एसडीआरएफ की टीम; फायर हाइड्रेंट का कम प्रेशर मिलने पर मंडलायुक्त नाराज

कमिश्नरी में आग का मॉक ड्रिल, 20 मिनट में पहुंची फायर और एसडीआरएफ की टीम; फायर हाइड्रेंट का कम प्रेशर मिलने पर मंडलायुक्त नाराज

 

रोशनी पांडे प्रधान संपादक 

 

 

नैनीताल। मंडलायुक्त कार्यालय में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावित घटना को लेकर मॉक अभ्यास किया गया। इस दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।

मॉक अभ्यास के अनुसार दोपहर 12:17 बजे कमिश्नरी कार्यालय में धुआं निकलने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना मिलते ही फायर स्टेशन और राहत एवं बचाव दल को मौके के लिए रवाना किया गया। सूचना मिलने के करीब 20 मिनट के भीतर फायर सेफ्टी टीम और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई।

यह भी पढ़ें 👉  पिता-माता का बढ़ाया मान, अब देशभर के खिलाड़ियों से मुकाबला करेगी रामनगर की बेटी।

अभ्यास के दौरान आग बुझाने से पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद राहत एवं बचाव दल ने आग से झुलसे दो कर्मचारियों और अफरातफरी में घायल हुए तीन अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए बीडी पांडे चिकित्सालय पहुंचाया गया। साथ ही आसपास के भवनों की सुरक्षा जांच कराई गई और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की गई।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान तेज, डबल हेलमेट से लेकर स्कूल वाहनों तक सख्त निगरानी

मॉक अभ्यास के दौरान कमिश्नरी और जिला न्यायालय के पास लगे फायर हाइड्रेंट का प्रेशर कम पाया गया। वहीं, बिजली के खंभों पर झूलते तारों के कारण अग्निशमन वाहन कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच सके। इन खामियों पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताई।

 

 

 

 

 

उन्होंने जल संस्थान के अभियंताओं को निर्देश दिए कि ऐतिहासिक, लकड़ी से निर्मित इमारतों और आग की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास लगे फायर हाइड्रेंट का प्रेशर चेक किया जाए। कमियां मिलने पर उन्हें वैज्ञानिक तरीके से दूर किया जाए। साथ ही विद्युत तारों के अलावा अन्य केबलों की भी जांच कराई जाए।

यह भी पढ़ें 👉  संविधान दिवस पर पौड़ी पुलिस ने ली लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की शपथ, उद्देशिका का किया सामूहिक पाठ

मंडलायुक्त ने उन क्षेत्रों का भी आकलन करने के निर्देश दिए, जहां अग्निशमन विभाग के बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते या रास्तों में सीढ़ियां बन जाने से आवागमन बाधित होता है, ताकि ऐसी परिस्थितियों के लिए पहले से वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जा सके।

 

 

 

 

 

मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में सभी विभागों के बीच त्वरित समन्वय, समयबद्ध प्रतिक्रिया और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। उन्होंने अभ्यास को सफलतापूर्वक संपन्न बताया।

इस दौरान अपर आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।