5 साल का विजन तैयार करे पर्यटन विभाग, नए पर्यटन स्थलों और ग्लैंपिंग पर दें जोर: मुख्य सचिव
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को पर्यटन क्षेत्र के लिए 5 वर्षीय लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है, इसलिए स्पष्ट लक्ष्य तय कर परिणामों पर आधारित कार्य किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि पर्यटन उत्पादों के व्यापक प्रचार-प्रसार के बिना निर्धारित लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं होगा। इसके लिए विभाग को वार्षिक पब्लिसिटी प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने नीती एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन, आदि कैलाश हाई एल्टीट्यूड मैराथन, रिवर राफ्टिंग फेस्टिवल और विंटर कार्निवल जैसे आयोजनों की तर्ज पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हर वर्ष तय समय पर आकर्षक पर्यटन कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
बैठक में उन्होंने पर्यटन विकास के लिए शॉर्ट टर्म, मीडियम टर्म और लॉन्ग टर्म रणनीति तैयार करने, नए पर्यटन सर्किट विकसित करने, आवश्यक बुनियादी ढांचे का विस्तार करने तथा हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन परियोजनाओं में निजी निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने युवाओं के लिए टूरिस्ट गाइड प्रशिक्षण को संस्थागत रूप देने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि आईएचएम (IHM) के माध्यम से ऐसा प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किया जाए, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को देश-विदेश में रोजगार के अवसर मिल सकें।
इसके अलावा उन्होंने वाईब्रेंट विलेज योजना के तहत विशेष प्रयास करने और प्रदेश में बढ़ती मांग को देखते हुए उपयुक्त स्थानों पर ग्लैंपिंग (लक्जरी कैंपिंग) प्रोजेक्ट विकसित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव अभिषेक रोहिला सहित पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





