#नशे के खिलाफ बागेश्वर पुलिस का जनजागरण अभियान, साइबर ठगी से बचाव की भी दी जानकारी
बागेश्वर। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। पुलिस अधीक्षक जीतेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने ग्राम मनकोट, विवेकानंद चौक एवं SBI तिराहा क्षेत्र में नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही नशे की तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
इसके अलावा पुलिस ने बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
बागेश्वर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे जागरूक रहें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देकर सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।





