कार्बेट में वन विभाग का बड़ा सर्च ऑपरेशन, गूजर डेरों की ली गई तलाशी
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
कार्बेट में वन विभाग का बड़ा अभियान, गूजर कैंपों में औचक निरीक्षण कर खंगाली गतिविधियां
रामनगर। कार्बेट टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीव अपराधों की रोकथाम और बिग कैट्स की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने सघन अभियान चलाया। फील्ड डायरेक्टर कार्बेट टाइगर रिजर्व के निर्देश तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी कालागढ़ अमित कुमार ग्वासीकोटी के नेतृत्व में बुधवार को बेला और झिरना रेंज की संयुक्त टीम ने ढेला बैराज, गूजर कैंप और ढेला गूजर झालों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में निवासरत लोगों और उनकी गतिविधियों की गहन जांच की गई। टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यक जानकारियां जुटाईं। इसके बाद झिरना रेंज अंतर्गत झूल्लूमोड़ क्षेत्र के पथरकुआं में निवासरत गूजर डेरों और आवासों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों को वन एवं वन्यजीव सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने क्षेत्र में लगातार सतर्कता बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश कर्मचारियों को दिए।
बताया गया कि यह अभियान विशेष रूप से बाघ, तेंदुआ समेत अन्य वन्यजीवों के अवैध शिकार (पोचिंग) की रोकथाम और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया।
अभियान में वन क्षेत्राधिकारी बेला भानु प्रकाश हर्बोला, वन क्षेत्राधिकारी झिरना दीपक कुमार तिवारी, वन दरोगा नवीन चन्द्र पपनै, तरुण कुमार, वन आरक्षी हरपाल सिंह, शोएब अंसारी, नितिश कुमार, एसटीपीएफ के नरेन्द्र बिष्ट सहित ढेला और झिरना रेंज का स्टाफ मौजूद रहा।





