ढेला रेस्क्यू सेंटर में 20 वर्षीय वृद्ध नर बाघ की मौत, पोस्टमार्टम के बाद किया गया अंतिम संस्कार
रोशनी पांडे प्रधान संपादक
दिनाँक 02.05.2026 की रात्रि में ढेला रेंज स्थित रेस्क्यू सेंटर में एक नर बाघ की मृत्यु हो गयी, जिसकी उम्र लगभग 20 वर्ष आंकी गई है। प्रथम दृष्टया उक्त बाघ की वृद्धावस्था पूर्ण कर मृत्यु होना प्रतित होता है। उक्त नर बाघ को दिनांक 15.11.2019 को ढिकाला रेंज, कार्बेट टाइगर रिजर्व, रामनगर (नैनीताल) से रेस्क्यू कर नैनीताल जू भेजा गया था। तत्पश्चात दिनांक 20.04.2021 को उक्त नर बाघ को नैनीताल जू से ढेला रेंज स्थित रेस्क्यू सेन्टर में स्थानांतरित किया गया। वर्ष 2025 में उक्त नर बाघ जो वृद्धावस्था में था, के ट्यूमर का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया।
मृत नर बाघ का पोस्टमार्टम आज दिनांक 03.05.2026 को रेस्क्यू सेन्टर, ढेला में नियमानुसार पशु चिकित्साधिकारियों की टीम द्वारा किया गया, जिसे 1. डॉ० दुष्यन्त शर्मा, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी, कार्बेट टाइगर रिजर्व तथा 2. डॉ0 हिमाशु पांगती वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी, नैनीताल जू का पैनल गठित कर कराया गया। उक्त कार्यवाही के दौरान श्री राहुल मिश्रा, उप निदेशक, कार्बेट टाइगर रिजर्व, श्री अमित कुमार ग्वासीकोटी उप प्रभागीय वनाधिकारी, कालागढ़, श्री भानु प्रकाश हर्बोला, वन क्षेत्राधिकारी ढेला, श्री कुन्दन सिंह खाती, सेवानिवृत्त उप प्रभागीय वनाधिकारी एन०टी०सी०ए० द्वारा नामित सदस्य, प्रतिनिधि विश्व प्रकृति निधि एवं द कार्बेट फाउण्डेशन के प्रतिनिधि सहित श्री सिध्दार्थ रावत वन दरोगा एवं ढेला रेंज के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। पोस्टमार्टम उपरांत समस्म औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए शव का मौका पंचनामा तैयार कर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समक्ष शव को एन०टी०सी०ए० के दिशा निर्देशों के अनुरूप मृत बाघ के सभी अंगों सहित शव को मौके पर ही विधिवत जलाकर नष्ट कर दिया गया।





