उत्तराखंड उधम सिंह नगर जरा हटके

शिव बारात से विकास परियोजनाओं तक, रुद्रपुर में दिखा उत्सव और विश्वास

Spread the love

शिव बारात से विकास परियोजनाओं तक, रुद्रपुर में दिखा उत्सव और विश्वास

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

रुद्रपुर, 14 फरवरी 2026। गांधी पार्क में आयोजित उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का शुभारम्भ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के विकास को गति देने वाली 295.21 करोड़ रुपये की लागत की 61 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने 123.91 करोड़ रुपये की लागत के 26 कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें चिकित्सा, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम रुद्रपुर, पशुपालन, संस्कृति, सिंचाई, खेल, शिक्षा तथा विभिन्न नगर निकायों से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त 171.30 करोड़ रुपये की लागत से 35 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें लोक निर्माण विभाग के 93.92 करोड़, नगर निगम रुद्रपुर के 59.53 करोड़, पशुपालन, शिक्षा एवं ग्रामीण निर्माण विभाग की विभिन्न योजनाएं शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  कार्बेट काटेज रिसोर्ट में नियमों की अनदेखी, होटल संचालकों पर पुलिस की सख्ती।

पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पांच बड़ी घोषणाएं भी कीं—

  • मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर एवं नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए भव्य शिव प्रतिमा की स्थापना।

  • नगर निगम रुद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा क्षेत्र में आवास निर्माण।

  • भूरारानी एवं गंगापुर रोड का चौड़ीकरण।

  • अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक सड़क निर्माण।

  • गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करना।

शिव बारात में शामिल हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया तथा कांवरियों के पैर पखार कर उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पमाला भेंट की। इसके बाद त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक आयोजित शिव बारात में प्रतिभाग किया। विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में 16 दिन में 5 हत्याओं के बाद धामी सरकार का बड़ा एक्शन, SSP बदले, कानून-व्यवस्था सख्त करने के दिए सख्त निर्देश।

विकास, विश्वास और भविष्य की नई दिशा

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि रुद्रपुर के चहुंमुखी विकास के लिए 288 करोड़ रुपये से अधिक की 61 परियोजनाओं का शुभारम्भ ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने बताया कि लगभग 590 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रपुर बाईपास का निर्माण कार्य जारी है। साथ ही रुद्रपुर को खटीमा-टनकपुर और गदरपुर-जसपुर से जोड़ने वाली चार लेन सड़कों का निर्माण भी प्रगति पर है।

मानूनगर-गदरपुर से दिनेशपुर-मटकोटा होते हुए हल्द्वानी को जोड़ने वाले मोटर मार्ग के चौड़ीकरण पर 55 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण, नई सिग्नल लाइनों और दो रेल ओवरब्रिज निर्माण का कार्य भी जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  ग्रीन फील्ड एकेडमी के वार्षिकोत्सव में झलकी उत्तराखंड की लोक संस्कृति

शहर की जल निकासी समस्या के समाधान हेतु मास्टर ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है। महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट्स बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 15 करोड़ रुपये की लागत से राज्य का पहला कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और 17 करोड़ रुपये का एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जनपद के किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।