भर्ती अनियमितताओं पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
रोशनी पाण्डेय – प्रधान संपादक
पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं के विरोध में पौड़ी में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला
पौड़ी। पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को मंडल मुख्यालय पौड़ी में युवा कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया तथा जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक मोहित सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि देश का युवा रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
वक्ताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद जब छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरते हैं तो उनके साथ सख्ती बरती जाती है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
युवा कांग्रेस ने जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि युवाओं के साथ अन्याय जारी रहा तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में कांग्रेस नगर अध्यक्ष भरत सिंह रावत, ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप सिंह, वीर प्रताप सिंह, विनोद दनोशी, मोहित सिंह, आशीष नेगी, मुकुल कुमार, आयुष थपलियाल, अमन नेगी, पारस रावत सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





