*ओंनगोइंग विवेचना पर भ्रामक पोस्ट करना पड़ा भारी, देहरादून के X हैंडल को नैनीताल पुलिस का नोटिस*
*बिना आधिकारिक पुष्टि सोशल मीडिया पोस्ट करना पड़ा महंगा*
नैनीताल पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, तथ्यहीन एवं अपुष्ट सूचनाओं के संबंध में गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में कोतवाली हल्द्वानी में पंजीकृत एक अभियोग की *प्रचलित विवेचना* के संबंध में सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं तथ्यहीन सामग्री प्रसारित किए जाने के मामले में देहरादून निवासी एक X (ट्विटर) हैंडल के संचालक को आधिकारिक नोटिस जारी किया गया है।
प्राथमिक संज्ञान में आया कि संबंधित X हैंडल के माध्यम से बिना किसी आधिकारिक पुष्टि अथवा प्रामाणिक स्रोत से तथ्यों का सत्यापन किए, प्रचलित विवेचना से संबंधित विभिन्न प्रकार की टिप्पणियां एवं सूचनाएं प्रसारित की जा रही थीं। साथ ही, प्रकरण से जुड़े पुलिस अधिकारियों/उच्चाधिकारियों के संबंध में भी भ्रामक एवं निराधार टिप्पणियां प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई।
नैनीताल पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रचलित विवेचना के संबंध में अपुष्ट तथ्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित करना न केवल जनमानस में भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर सकता है, बल्कि इससे विवेचना की निष्पक्षता एवं कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है।
प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित X यूजर को नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में प्रसारित की गई सामग्री के संबंध में **तथ्यात्मक, स्पष्ट एवं प्रमाणित स्पष्टीकरण** प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।






