अघरिया गांव को सड़क से जोड़ने की मिली मंजूरी, वन एवं पर्यावरण स्वीकृति के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा
धारी। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने धारी विकासखंड के ग्राम सभा अघरिया पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा सहित विभिन्न मूलभूत समस्याओं को मंत्री के सामने रखा और उनके समाधान की मांग की।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने अघरिया गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि गांव के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेस-4 के अंतर्गत मोटर मार्ग को शामिल किया गया है, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है। अब वन एवं पर्यावरण विभाग से आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी, मंडल अध्यक्ष धारी कृष्ण चंद्र, कोऑपरेटिव बैंक डायरेक्टर दीपा बिष्ट, प्रकाश चंद्र नानू, ग्राम प्रधान रेखा आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेखा आर्या, दीपा, कमलेश बिष्ट, विवेक डंगवाल, पंकज कुमार, पंकज, प्रदीप कुमार, अजय कुमार, विनोद कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
