बीमार पत्नी को अस्पताल ले जा रहा था पुलिसकर्मी, रास्ते में विवाद के बाद गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार
दिल्ली के पूर्वी विनोद नगर इलाके से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक वारदात सामने आई है। दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला एटीएस में तैनात हेड कांस्टेबल मनीष भाटी पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना सोमवार तड़के उस समय हुई, जब वह अपनी पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से पत्नी पर गोली चला दी। गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी महिला का शव सड़क पर छोड़कर अपनी कार से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





