धमकियों से परेशान महिला ने उठाया खौफनाक कदम, पुलिस जांच में जुटी
रोशनी पांडेय – प्रधान संपादक
रुड़की। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के पीरपुरा गांव में एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, परिजनों ने गांव के तीन लोगों पर मानसिक प्रताड़ना और लगातार धमकियां देने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार पीरपुरा गांव निवासी महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
महिला के पति प्रवेश ने आरोप लगाया कि गांव के तीन लोग लंबे समय से उनके परिवार पर दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि एक पुराने मामले में दर्ज शिकायत वापस लेने के लिए लगातार धमकियां दी जा रही थीं। साथ ही परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक तनाव के कारण महिला ने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई। अस्पताल से एमएलसी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने महिला और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने कुछ लोगों से परेशान होने की बात कही है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल महिला का उपचार जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।





