उत्तराखंड क्राइम नैनीताल रामनगर

DFO प्रकाश आर्या के खिलाफ सड़क पर उतरे खनन कारोबारी

Spread the love

DFO प्रकाश आर्या के खिलाफ सड़क पर उतरे खनन कारोबारी

रोशनी पांडेय – प्रधान संपादक

रामनगर में खनन कारोबारियों और वन विभाग के बीच टकराव गहराया, डीएफओ कार्यालय पर प्रदर्शन

रामनगर। रामनगर में खनन कारोबारियों और तराई पश्चिमी वन प्रभाग के बीच विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। शनिवार को बड़ी संख्या में खनन कारोबारी तराई पश्चिमी वन प्रभाग कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। गुस्साए कारोबारियों ने डीएफओ का पुतला फूंकते हुए वन विभाग पर मनमानी, उत्पीड़न और वैध वाहनों को जबरन सीज करने के आरोप लगाए।

प्रदर्शन कर रहे कारोबारियों का कहना था कि वन विभाग द्वारा नदी क्षेत्र में छापेमारी के दौरान उनकी गाड़ियों को उस समय पकड़ लिया गया, जब सभी वाहन वैध टोकन और रॉयल्टी के साथ संचालित हो रहे थे। कारोबारियों ने आरोप लगाया कि विभाग की कार्रवाई नियमों के खिलाफ और जानबूझकर परेशान करने वाली है।

यह भी पढ़ें 👉  कैची धाम मार्ग पर हुड़दंग, बोनट पर बैठाकर दौड़ाई थार, पुलिस ने सिखाया कानून का पाठ

खनन कारोबारी अनंत जैन ने बताया कि उनकी गाड़ी 22 मई की सुबह निर्धारित टोकन के आधार पर नदी क्षेत्र में गई थी और सरकार को विधिवत रॉयल्टी भी जमा की गई थी। इसके बावजूद वन विभाग की टीम ने वाहन को पकड़ लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने गोलियां चलाईं और पत्थरबाजी भी की, जिससे चालक जान बचाकर मौके से भागने को मजबूर हो गया।

कारोबारियों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टोकन, रवन्ना और अन्य वैध दस्तावेज दिखाए, लेकिन इसके बावजूद वाहन नहीं छोड़ा गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि डीएफओ ने फोन पर साफ कहा कि वे टोकन सिस्टम को नहीं मानते और किसी भी हालत में वाहन नहीं छोड़ा जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री ने प्रदान की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹ 1344 करोड की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति

प्रदर्शन के दौरान कारोबारियों ने डीएफओ पर भ्रष्टाचार और खनन कारोबारियों के उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि वैध तरीके से कार्य करने वाले कारोबारियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे सरकार की छवि खराब हो रही है और राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है।

कारोबारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी गाड़ियां नहीं छोड़ी गईं और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो वे मुख्यमंत्री से शिकायत करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई भी करेंगे।

वहीं पूरे मामले में डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या ने कारोबारियों के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि संबंधित वाहन बंद क्षेत्र से अवैध रूप से खनिज भर रहा था, जिस पर वन विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई की।

डीएफओ ने बताया कि जब विभागीय टीम ने वाहन को रोका, उस समय चालक के पास कोई वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे और चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। बाद में जब वाहन को वन चौकी लाया गया, तब संबंधित लोग टोकन और अन्य दस्तावेज लेकर पहुंचे।

यह भी पढ़ें 👉  SSP NAINITAL के कड़े रुख में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा ⚡ 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद

उन्होंने दावा किया कि वाहन पकड़े जाने के बाद टोकन कटवाया गया, जबकि वाहन पहले से ही बंद क्षेत्र में खनिज परिवहन कर रहा था। डीएफओ ने स्पष्ट कहा कि वन विभाग की कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत की गई है और अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रामनगर में खनन कारोबारियों और वन विभाग के बीच बढ़ता यह विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। एक ओर कारोबारी विभागीय कार्रवाई को उत्पीड़न बता रहे हैं, वहीं वन विभाग इसे अवैध खनन के खिलाफ सख्त अभियान का हिस्सा बता रहा है। अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई और संभावित जांच पर टिकी हुई है।