गुणवत्ता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर संदीप गुप्ता व आदित्य अग्रवाल सम्मानित।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के 79वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड–उत्तर प्रदेश प्लाईवुड संगठन के संदीप गुप्ता एवं आदित्य अग्रवाल नॉर्दर्न प्लाईवुड, रामनगर को माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा “Excellence in Quality” सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गुणवत्ता मानकों के उत्कृष्ट अनुपालन और उद्योग में विश्वसनीयता स्थापित करने के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो ने बीते आठ दशकों में गुणवत्ता, विश्वसनीयता और उपभोक्ता संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। वर्ष 1947 में भारतीय मानक संस्था के रूप में शुरू हुई BIS की यात्रा आज देश की औद्योगिक, वैज्ञानिक और आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानकीकरण का दायरा अब केवल उद्योग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कृषि, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, ऊर्जा, जल संरक्षण, आपदा प्रबंधन और डिजिटल सेवाओं तक विस्तृत हो चुका है। डिजिटल सुरक्षा, मेडिकल डिवाइस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक वाहन, रिसाइकिल सामग्री और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में BIS समयानुकूल मानक तय कर भविष्य की दिशा तय कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियानों को मजबूती देने में BIS की भूमिका अहम है। भारतीय उत्पाद विश्व में गुणवत्ता का मानक बनें—यह लक्ष्य BIS के माध्यम से साकार हो रहा है। राज्य सरकार भी हस्तशिल्प, जैविक कृषि उत्पाद, औषधीय जड़ी-बूटियों और स्थानीय खाद्य उत्पादों के लिए उच्च गुणवत्ता मानक स्थापित करने पर कार्य कर रही है। “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता को केवल मानक नहीं, बल्कि आदत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि गुणवत्ता आधारित संस्कृति को जन-आंदोलन के रूप में विकसित करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वन नेशन, वन स्टैंडर्ड की नीति के तहत BIS भारत को वैश्विक मानकों की प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बनाएगा और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, BIS निदेशक सौरभ तिवारी, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, ब्रिगेडियर के.जी. बहल (सेनि) तथा उद्योग एवं व्यापार संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








